मदनवाड़ा के जंगल में छिपाए गए थे हथियार, नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस-आईटीबीपी को बड़ी सफलता
राजनांदगांव-विपुल कनैय्या
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के टेकरी नाला कलवर जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों के डंप को पुलिस ने सर्चिंग के दौरान बरामद किया है।
बरामद सामान में एक AK-47 राइफल, एक इंसास राइफल और 46 जिंदा कारतूस शामिल हैं। यह कार्रवाई जिले को नक्सल मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
पुलिस के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान टेकरी के पास नाले के किनारे कटे हुए पेड़ के पास ऑटोमेटिक हथियार और मैगजीन छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें संयुक्त टीम ने खोज निकाला। इस ऑपरेशन को जिला पुलिस और आईटीबीपी के संयुक्त प्रयास से सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए Balaji Rao Somawar ने बताया कि नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों को बरामद कर लिया गया है और क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक जिले को नक्सल मुक्त करने के लक्ष्य के तहत यह कार्रवाई महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पुलिस का मानना है कि इस बरामदगी से नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
