रायपुर, 16 नवंबर 2026/
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्थापित इस प्रतिमा के माध्यम से मुख्यमंत्री ने महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी के साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में विकसित जनजातीय वीथिका का भी भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन तथा उनके ऐतिहासिक योगदान से जुड़ी जानकारियों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अन्याय के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था। जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण विरासत है। उनका जीवन हमें अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को जनजातीय नायकों के अदम्य साहस, संघर्ष और देश के लिए दिए गए बलिदान की याद दिलाती रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक जनजातीय समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। इस गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

विश्वविद्यालय की जनजातीय वीथिका के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन परिचय, उनके संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान से संबंधित सामग्री देखी। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय नायकों का इतिहास हमारी सांस्कृतिक विरासत का अनमोल हिस्सा है। ऐसी वीथिकाएं विद्यार्थियों और युवाओं को अपने पूर्वजों के संघर्ष, उपलब्धियों और गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम बनती हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समुदाय के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि जनजातीय समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़कर खुशहाली और समृद्धि की ओर आगे बढ़े।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति श्री आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्वान, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
