रायपुर, 16 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय नायकों का संघर्ष, साहस और बलिदान देश के इतिहास की अनमोल विरासत है। इन वीर महापुरुषों ने स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ने के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी ऐतिहासिक योगदान दिया है। उनके आदर्शों से नई पीढ़ी को परिचित कराना और विकास की राह पर आगे बढ़ते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने यह बात बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में कही। संगोष्ठी का विषय ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ था।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर वहां प्रदर्शित जनजातीय वीर नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान से जुड़ी सामग्री की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने महज 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज को संगठित किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनके नेतृत्व में हुआ उलगुलान आंदोलन भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनका साहस, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी समाज को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान भूखी जनता की मदद के लिए अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। प्रदेश के अनेक वीर सपूतों ने देश की आजादी और समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इनकी गाथाओं को पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि वे अपनी ऐतिहासिक विरासत को जानें और उस पर गर्व कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को देशभर में नई पहचान मिल रही है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल इसी सोच का हिस्सा है। उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों, महाविद्यालयों और विकासखंडों में होने वाले आयोजनों के जरिए युवाओं को जनजातीय महापुरुषों के जीवन और योगदान से अवगत कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं और जीवन मूल्य छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। राज्य सरकार इनकी रक्षा के साथ जनजातीय परिवारों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए भी प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांवों को शामिल किया गया है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों में सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके साथ ही जनजातीय समाज की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी राज्य सरकार ने बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होना पूरे जनजातीय समाज के लिए गर्व की बात है। जनजातीय समुदाय ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार चाहती है कि इस समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और नेतृत्व के अधिक अवसर मिलें, ताकि वे विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के उत्थान में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान और हितों के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। मुख्यमंत्री ने श्री जोगेश्वर यादव की सेवाभावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच उन्होंने अपने समर्पण से जो विश्वास बनाया है, वह प्रेरणादायी है।
गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय की सामाजिक पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ जनहित के कार्यों में भी विश्वविद्यालय की भूमिका सराहनीय है। यहां मात्र दस रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से करीब ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों की बिक्री और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के प्रयास भी प्रशंसनीय हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने और राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित करने के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस उन महानायकों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन के शोषण के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका जीवन अपने अधिकारों की रक्षा और अन्याय के प्रतिरोध की प्रेरणा देता है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को याद करते हुए छत्तीसगढ़ को वीरों और बलिदानियों की भूमि बताया।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन महत्वपूर्ण पहल है। वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय की जनहितकारी गतिविधियों की भी सराहना की।
अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री श्री योगेश बापट ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज की भूमि, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन का दृढ़ता से विरोध किया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और सामाजिक जागरूकता का प्रेरक उदाहरण है।
संगोष्ठी में कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर श्री मनीष श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, राष्ट्रीय महामंत्री श्री योगेश बापट सहित राष्ट्रीय स्तर के आमंत्रित वक्ता, विद्वान, प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
