रायपुर, 29 अक्टूबर 2026
चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से दूरभाष पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में चक्रवात के असर और वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृह मंत्री को प्रदेश में हो रही बारिश और उससे उत्पन्न हालात से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हो रही है, लेकिन अभी तक कहीं से भी बाढ़ की स्थिति या जनहानि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित आपात परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चक्रवात से प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए भी तैयारियां रखी गई हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से भी चर्चा कर चक्रवात ‘अर्नब’ से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी ली है। उन्होंने सभी प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
