सारंगढ़, 04 अक्टूबर 2026
सारंगढ़ में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का रविवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डाइट कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिले में नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से जुड़े प्रस्ताव भी आगे की प्रक्रिया में हैं। राज्य सरकार स्कूलों की अधोसंरचना के विकास और आवश्यक जीर्णोद्धार के लिए प्रतिबद्ध है।
खेलभांठा मैदान में 4 से 7 अक्टूबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग से 330 बाल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल में बालक अंडर-14, सॉफ्टबॉल में बालक-बालिका अंडर-17 और क्रिकेट में बालिका अंडर-17 वर्ग के मुकाबले शुरू हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिले के प्रभारी एवं राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हार से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए, जबकि जीत मिलने पर अहंकार से बचना जरूरी है। उनके अनुसार लगातार प्रयास करने वाले ही कठिन परिस्थितियों को पार कर सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि किसी भी खेल में जीत की पहली शर्त मैदान में उतरना है। खेल बच्चों में शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता का भी विकास करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की ताकत है और खेल इस विविधता को एकता में बदलने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई। कलेक्टर ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है और तीन विद्यार्थियों ने राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाया है। कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग शुरू की जा रही है।
विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और तकनीकी समझ विकसित करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कक्षाओं, रोबोटिक्स लैब और अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना की दिशा में भी काम किया जा रहा है। कलेक्टर ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के रहने, भोजन और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे, सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
