रायपुर, 4 अक्टूबर 2026
गांधी जयंती के अवसर पर ‘सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने मनेन्द्रगढ़ स्थित एमसीबी जिला नेत्रहीन, विकलांग शिक्षण-प्रशिक्षण विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर मंत्री भावुक हुए और संस्था की आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 1 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
निरीक्षण के दौरान बच्चों ने स्वागत गीत और संगीत के साथ रामायण पाठ तथा सुंदरकांड की चौपाइयां प्रस्तुत कीं। बच्चों ने विभिन्न जीव-जंतुओं की आवाजें निकालकर भी अपनी प्रतिभा दिखाई। उनकी प्रस्तुतियों में आत्मविश्वास और सीखने की ललक देखकर मंत्री नेताम ने उनकी जमकर सराहना की।
बच्चों से संवाद करते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से यह साबित किया है कि वे किसी से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में संगीत, गायन और सांस्कृतिक गतिविधियों की शानदार प्रतिभा है और जरूरत उन्हें उचित अवसर तथा बड़ा मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि बच्चों की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
मंत्री ने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की संख्या, उनके अलग-अलग जिलों से आने तथा उन्हें दी जा रही शिक्षा और प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सीधे भोजन की गुणवत्ता के बारे में पूछा और शिक्षकों से पढ़ाई की स्थिति जानी। ब्रेल लिपि के माध्यम से दी जा रही शिक्षा को लेकर भी उन्होंने जानकारी ली।
विद्यालय के प्राचार्य संतोष चढ़ोकर ने संस्था के संचालन में आ रही आर्थिक कठिनाइयों और अन्य जरूरतों से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने शिक्षकों के वेतन में वृद्धि और बच्चों के भरण-पोषण के लिए मिलने वाली राशि बढ़ाने का आग्रह किया। प्राचार्य के अनुसार, वर्तमान में बच्चों के भरण-पोषण के लिए 600 रुपये की राशि प्राप्त होती है, जिससे संस्था की व्यवस्थाएं संचालित करने में कठिनाई आती है।
मंत्री नेताम ने विद्यालय में शौचालय, पेयजल, बिस्तर और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम को विद्यालय का नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा, ताकि बच्चों की आवश्यकताओं का समय पर समाधान किया जा सके।
बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय की जरूरतों से प्रभावित होकर मंत्री ने संस्था के संचालन तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 1 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की। उन्होंने बच्चों को साउंड सिस्टम बॉक्स तथा फल-फूल भी भेंट किए। मंत्री ने कहा कि इन बच्चों में आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है और सामूहिक प्रयासों से उनकी प्रतिभा को बड़े मंच तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ‘सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक संवेदनशीलता के साथ पहुंचकर उन्हें सम्मानपूर्वक बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराना भी है। दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, पूर्व संसदीय सचिव चंपादेवी पावले, एसडीएम लिंगराज सिदार, तहसीलदार श्रुति धुर्वे, जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षक उपस्थित रहे।
