रायपुर, 1 अक्टूबर 2026
महानदी के जल के बेहतर प्रबंधन और छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा के हितों से जुड़े विषयों को लेकर नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हुई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी शामिल हुए।
बैठक में महानदी के जल का बेहतर उपयोग, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और दोनों राज्यों के हितों के अनुरूप समाधान की दिशा में आगे बढ़ने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि महानदी केवल जल का स्रोत नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के लोगों के जनजीवन, कृषि और संस्कृति से गहराई से जुड़ी जीवनदायिनी नदी है। उन्होंने महानदी को दोनों राज्यों की समृद्धि का आधार बताते हुए जल के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महानदी के जल का समुचित प्रबंधन होने से दोनों राज्यों में सिंचाई व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है तथा भविष्य में नई परियोजनाओं के लिए भी अवसर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच आपसी संवाद और सहयोग के माध्यम से इस दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सरकारें आपसी संवाद, सहयोग और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। बैठक को इसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
