रायपुर, 17 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के आलेख को साझा कर छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और विशेष रूप से बस्तर में आए बदलाव को रेखांकित किए जाने पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को लगातार नई ऊर्जा और दिशा देता रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को सदैव मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए छत्तीसगढ़ पूरी प्रतिबद्धता के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है और राष्ट्र की प्रगति में अपना सशक्त योगदान देता रहेगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री श्री साय के आलेख को साझा करते हुए छत्तीसगढ़ के विकास को देश की बदलती तस्वीर से जोड़कर प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रदेश की विकास यात्रा इस बात का उदाहरण है कि देश की प्रगति अब केवल महानगरों और बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। बस्तर में आया बदलाव इसका उदाहरण है, जहां जनजातीय समाज विकास की मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री के आलेख में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ा गया है। आलेख में गुजरात से लेकर विकसित भारत के व्यापक लक्ष्य तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि विकास की अवधारणा गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और जनजातीय समाज की आकांक्षाओं से जुड़ी है।
आलेख में बस्तर में हुए बदलाव को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि कभी हिंसा और पिछड़ेपन जैसी चुनौतियों से जूझने वाला बस्तर अब शांति, विकास, पर्यटन और नई संभावनाओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने आलेख में कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन ने देश को नया आत्मविश्वास दिया है और अब भारत के सामने विकसित भारत का लक्ष्य है। इस राष्ट्रीय संकल्प में छत्तीसगढ़ अपनी मेहनत, प्राकृतिक संसाधनों और प्रतिभा के माध्यम से मजबूत भागीदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने गांव से शहर तक ऐसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने की बात कही है, जिसमें समृद्धि के साथ संस्कृति, आधुनिकता के साथ परंपरा और प्रगति के साथ प्रकृति के बीच संतुलन बना रहे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में पूरी शक्ति और सामर्थ्य के साथ योगदान देगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मुख्यमंत्री के आलेख में विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की भूमिका को विस्तार से रेखांकित किए जाने का उल्लेख किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े रहे हैं, जबकि आने वाला समय विकसित भारत और समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को आगे बढ़ाने का है।
