रायपुर, 17 सितम्बर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख ‘आशीर्वाद के दीपों’ से रोशन हो उठा। खारुन नदी के तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। इस दौरान श्रद्धा और जनभागीदारी के बीच खारुन मैया की विधि-विधान से महाआरती भी की गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश में विकास और जनकल्याण से जुड़े अनेक बड़े निर्णय हुए हैं और भारत की वैश्विक भूमिका मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने लंबे समय से प्रतीक्षित कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का कल्याण प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में रहा है। गरीब परिवारों के लिए पक्के आवास, घर-घर शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन और खाद्यान्न सुरक्षा जैसी योजनाओं के माध्यम से मूलभूत सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने का काम किया गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ अपने पुराने कार्य अनुभव का भी उल्लेख किया। श्री साय ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में कार्य करते हुए उन्हें प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक श्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा और सुशासन से जुड़ा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का छत्तीसगढ़ से भी आत्मीय जुड़ाव रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश के विकास को गति मिली है और विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विकास पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों तथा सुरक्षा बलों की भूमिका से बस्तर में माओवादी हिंसा के खिलाफ सफलता मिली है और अब वहां शांति के साथ सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
श्री साय ने कहा कि बस्तर में लौटती शांति को विकास से जोड़ते हुए प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था के जरिए स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और समृद्धि के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ भी चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।
महादेव घाट पर आयोजित दीपोत्सव के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों ने खारुन मैया की महाआरती कराई, जिसमें मुख्यमंत्री श्री साय ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक है। महादेव घाट पर जलाया गया प्रत्येक ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री श्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए प्रदेशवासियों की शुभकामना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि रायपुर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
विराट दीपोत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए आयोजकों, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को बधाई दी तथा इसे जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप बताया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं आयोजन की संयोजक श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत और श्री मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, श्रीमती कौशल्या साय सहित विभिन्न आयोगों, निगम-मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
8127/
