राजनांदगांव, 04 सितंबर 2026
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए राजनांदगांव जिले में चल रहे HPV टीकाकरण अभियान को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में निर्धारित 10,577 किशोरियों के लक्ष्य में से अब तक 7,789 का टीकाकरण किया जा चुका है। इसके साथ ही जिले ने 73.64 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है।
अभियान को शत-प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों को भी अभियान से जोड़ा है। शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर जिले के शासकीय और निजी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों के माध्यम से पात्र किशोरियों और उनके अभिभावकों तक टीकाकरण से जुड़ी जानकारी पहुंचाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, एएनएम, मितानिनों और स्कूल प्राचार्यों व शिक्षकों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की है। उन्होंने शेष पात्र किशोरियों का टीकाकरण जल्द पूरा कर जिले को 100 प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाने पर जोर दिया।
डॉ. नवरतन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर HPV टीकाकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में HPV टीकाकरण एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अभियान में सहयोग करते हुए पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।
