राजनांदगांव, 22 अक्टूबर 2026।
समाज कल्याण विभाग द्वारा राजनांदगांव स्थित सामर्थ्य शासकीय बौद्धिक मंदता वाले बालक-बालिकाओं के विशेष विद्यालय परिसर में पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से 280 से अधिक दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जीवन सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव ने सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं। यह पहल जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित करने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने भी संबोधित किया।
उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार ने बताया कि भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) तथा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एआईसी) के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों, नगर पंचायतों एवं नगरीय निकायों में मूल्यांकन शिविर आयोजित किए गए थे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन किया गया। इसी क्रम में आयोजित वितरण शिविर में चिन्हांकित 280 से अधिक हितग्राहियों को 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
उन्होंने बताया कि जिले में पिछले एक वर्ष के दौरान आयोजित शिविरों के माध्यम से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के सहायक उपकरण दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए गए हैं। इन शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद हितग्राहियों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को आसान बनाना, उनकी गतिशीलता बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शीला सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, पार्षद श्री शिव वर्मा, पार्षद श्री शैंकी बग्गा, समाजसेवी श्री गौतम पारख, श्री हेमंत तिवारी एवं श्री प्रकाश सांखला सहित एलिम्को के राज्य समन्वयक, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।
