रायपुर, 04 सितंबर 2026
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन क्षेत्र में मृत भालू के नाखून काटकर ले जाने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डॉग स्क्वॉड की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने ग्राम बरौर के सुदर्शन यादव (54) और सूरज साहिस (20) को पकड़ा। दोनों के कब्जे से भालू के चार नाखून बरामद किए गए हैं।
मामला 3 सितंबर का है। मरवाही वृत्त के उसाढ़ परिसर के कक्ष क्रमांक 2035 में एक भालू के मृत पड़े होने की सूचना वन विभाग को मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो जांच के दौरान पता चला कि भालू के पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब थे। इसके बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉग स्क्वॉड की सहायता से आसपास के इलाके में सघन तलाशी और पतासाजी शुरू की।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम ने दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से भालू के चार नाखून बरामद हुए, जिन्हें नियमानुसार जब्त कर लिया गया। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
वन विभाग की कार्रवाई के बाद पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में मृत भालू का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में उसकी मौत का कारण तीव्र फेफड़ों का संक्रमण बताया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भालू का विधिवत दाह संस्कार किया गया।
वनमंडलाधिकारी मरवाही कुमार निशांत समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारी पूरी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल में किसी वन्यजीव का शव मिलने पर उसके अंगों या शव के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। विभाग ने अवैध शिकार या वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी भी तुरंत देने की अपील की है।
