रायगढ़, 04 सितंबर 2026
रायगढ़ जिले में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होने जा रही है। 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। अभियान में परिवारों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान के सफल संचालन के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए हैं। अभियान की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे को नोडल अधिकारी के रूप में दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू सहायक नोडल अधिकारी होंगे।
अभियान के दौरान शहरी क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी नगर पालिक निगम रायगढ़ के आयुक्त को सौंपी गई है। जिले के अन्य नगर पालिका क्षेत्रों में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों की व्यवस्था और संचालन सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान से जुड़ी गतिविधियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रभावी तरीके से आयोजित किया जाए। साथ ही कार्यक्रमों और अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क विभाग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए रायगढ़ में सरकारी योजनाओं की जानकारी और जनसेवा से जुड़े प्रयासों को लोगों तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर सामूहिक भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
