बालोद, 22 अक्टूबर 2026।
शासन के डिजिटल कृषि सर्वेक्षण को प्रभावी, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से बालोद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने खेतों में पहुंचकर फसल के भौतिक सत्यापन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गुरुर विकासखंड के नगर पंचायत पलारी में किसान श्री संतराम साहू, पिता श्री रामू राम साहू के खेत पहुंचकर पीवी ऐप (1.6 वर्जन) के माध्यम से किए जा रहे फसल सत्यापन कार्य का अवलोकन किया। कलेक्टर ने खेत की मेड़ से होते हुए अरहर की फसल के बीच पहुंचकर खसरा नंबर 291/6 में दर्ज फसल की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने डिजिटल ऐप के माध्यम से खेत में मौजूद फसल की स्थिति का जायजा लिया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य सर्वेक्षण के दौरान दर्ज की जा रही जानकारी और खेत में मौजूद फसल की वास्तविक स्थिति के बीच समानता सुनिश्चित करना है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से फसल संबंधी आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे कृषि सर्वेक्षण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सकेगी।
नगर पंचायत पलारी में लगभग 120 खसरों का भौतिक सत्यापन कार्य अभी शेष है। सर्वेयर श्री दीपेंद्र कुमार साहू ने बताया कि पीवी ऐप के नए 1.6 वर्जन के माध्यम से अगले दो दिनों के भीतर सभी शेष खसरा नंबरों का सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में डिजिटल फसल सर्वेक्षण एवं भौतिक सत्यापन कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर द्वारा स्वयं खेतों में पहुंचकर सत्यापन कार्य का निरीक्षण करना मैदानी कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे सर्वेक्षण कार्य में लगे मैदानी अमले को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सही और वास्तविक जानकारी दर्ज करने में मार्गदर्शन मिलेगा।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, एसडीएम गुरुर श्री शिवनाथ बघेल, तहसीलदार श्री हेमंत पैकरा, नायब तहसीलदार श्री रमेश मंडावी, राजस्व निरीक्षक श्री छबिल कुमरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
