रायपुर, 04 सितंबर 2026
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कोरबा में सर्व यादव समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा और रैली निकाली गई। घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव ओपन थिएटर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत शामिल हुए। मंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर समाज के लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित भजन भी प्रस्तुत किया।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि यादव समाज से उन्हें लगातार स्नेह और आशीर्वाद मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज की मांग के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
मंत्री ने यादव समाज के लिए चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी दी। बालको के शांति नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास भवन के ऊपरी तल का निर्माण, जमनीपाली में सामुदायिक भवन और शारदा विहार अमरैय्यापारा स्थित राधाकृष्ण मंदिर के ऊपरी तल के विस्तार जैसे 10-10 लाख रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं।

इसके अलावा वैशाली नगर मिनी स्टेडियम के पास मंच और कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रुपये का काम प्रगतिरत है। लाटा मेन रोड में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि मानिकपुर यादव मोहल्ले में भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति जल्द किए जाने की बात मंत्री ने कही।
कार्यक्रम में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, संरक्षक कमलेश यादव, प्रदेश महामंत्री संतोष यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, महिला प्रकोष्ठ की संरक्षक हारबाई यादव, प्रफुल्ल तिवारी, शोभायात्रा संयोजक रंजू यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
