रायपुर, 04 सितंबर 2026
सूरजपुर के तेलईकछार गांव के विष्णु लाल यादव के लिए इलाज के लिए अस्पताल तक पहुंचना लंबे समय से बड़ी चुनौती बना हुआ था। बस दुर्घटना में दिव्यांग होने के बाद आर्थिक परेशानी और घर से अस्पताल की दूरी ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी थीं। अब तीन पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटी मिलने से उनके लिए इलाज और जरूरी कामों के लिए आना-जाना आसान हो गया है।
विष्णु लाल यादव ने अपनी समस्या को लेकर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को आवेदन दिया था। उन्होंने बताया था कि पिछले वर्ष रायपुर जाते समय बस दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद उनकी शारीरिक स्थिति ऐसी हो गई कि सामान्य तरीके से आवागमन करना मुश्किल हो गया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने लिए वाहन भी नहीं खरीद पा रहे थे।
मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने संबंधित विभाग को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और आवेदन के 48 घंटे के भीतर विष्णु लाल को विशेष तीन पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध करा दी गई।
स्कूटी मिलने के बाद अब विष्णु लाल अस्पताल जाकर अपना उपचार करा सकेंगे और रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। उनके लिए यह सहायता केवल एक वाहन मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इलाज और दैनिक जीवन में आने-जाने की बड़ी परेशानी का समाधान भी बनी है।
सहायता मिलने पर विष्णु लाल यादव ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और प्रशासन के प्रति आभार जताया। त्वरित कार्रवाई से मिली इस सुविधा ने उनके लिए आवागमन को आसान बनाने के साथ आत्मनिर्भर होकर जरूरी काम करने का एक नया सहारा दिया है।
