रायपुर, 3 सितंबर 2026
रायगढ़ की तीन बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने सिंगापुर को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि में रायगढ़ की सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारतीय महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल कौशल और टीमवर्क का प्रदर्शन किया। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में जीत के साथ टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए पदक सुनिश्चित किया।
रायगढ़ की तीनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने प्रदर्शन से देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धि केवल रायगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
भारतीय महिला लैक्रॉस टीम की यह कांस्य पदक जीत देश के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वहीं रायगढ़ की तीन खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी ने जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाई है।
