रायपुर, 03 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को गति देने के लिए शासन स्तर पर कवायद तेज हो गई है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की स्थिति की विभागवार जानकारी ली। बैठक में भर्ती प्रक्रिया में आ रही देरी और आगे की नियुक्तियों की तैयारी पर विशेष चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा कराई जा रही विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागों की ओर से भेजे गए मांग पत्र यानी इंडेंट की स्थिति, वित्त विभाग से रिक्त पदों पर भर्ती के लिए मिली सहमति, पहले जारी किए गए भर्ती विज्ञापनों और अब तक की गई नियुक्तियों की जानकारी भी अधिकारियों से ली।
बैठक में वर्ष 2027 में संभावित रूप से अधिसूचित किए जाने वाले पदों को लेकर भी विभागवार स्थिति पर चर्चा हुई। इसके साथ ही सभी विभागों के भर्ती नियमों को अद्यतन करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई, ताकि भविष्य में होने वाली भर्तियों के लिए नियम और प्रक्रिया स्पष्ट एवं समयबद्ध रहें।
समीक्षा का प्रमुख उद्देश्य विभागों में रिक्त पदों की वास्तविक स्थिति सामने लाकर भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाना और आगामी वर्षों के लिए मानव संसाधन की जरूरत के अनुसार स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करना रहा। अधिकारियों को भर्ती से जुड़े लंबित कार्यों को आगे बढ़ाने और नियमों को समय पर अपडेट करने पर जोर दिया गया।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह एवं जेल, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, सामान्य प्रशासन, स्कूल शिक्षा, मुख्यमंत्री एवं खनिज, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, स्वास्थ्य और परिवहन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
