राजनांदगांव, 2 सितंबर 2026
प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए तीसरी काउंसलिंग 3 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग का समय सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालय, जिला बीजापुर में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुढ़ियारी, जनता कॉलोनी, एफसीआई गोदाम के पास, रायपुर में होगी। पात्र विद्यार्थियों की सूची और काउंसलिंग की निर्धारित तिथि की जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
सीटें रिक्त रहने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों को भी प्रवेश का अवसर दिया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों के लिए 10 से 15 सितंबर तक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। हालांकि 4 से 6 सितंबर और 12 से 15 सितंबर तक शासकीय अवकाश के कारण काउंसलिंग नहीं होगी।
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इनमें कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी यानी 60 प्रतिशत अंक वाली अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र और लागू होने पर विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र शामिल हैं।
नक्सल पीड़ित श्रेणी से आने वाले विद्यार्थियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरी से सत्यापित प्रमाण पत्र भी जरूरी होगा।
विशेष श्रेणी के तहत चयनित विद्यार्थियों को अपनी पात्रता से संबंधित प्रमाण पत्र भी साथ लाना होगा। इनमें दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा या कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल अथवा सैनिक के बच्चे होने का प्रमाण पत्र शामिल है।
काउंसलिंग के बाद यदि विद्यार्थी संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र पाया जाता है, तो उसे दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र और जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
काउंसलिंग की तिथि, विद्यार्थियों की सूची और अन्य जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर जानकारी देखी जा सकती है।
