रायपुर, 02 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संसाधनों को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जल संसाधन विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 21 सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 76 करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इन योजनाओं के तहत जलाशयों का जीर्णोद्धार, नहरों की सीसी लाइनिंग, एनीकट और स्टॉपडेम निर्माण, बाढ़ नियंत्रण तथा अन्य जरूरी कार्य किए जाएंगे।
कांकेर जिले में कोयलीबेड़ा क्षेत्र के लघु जलाशय पी.व्ही.-114 के जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग के लिए 2.72 करोड़ रुपये, पी.व्ही.-36 जलाशय के लिए 4.96 करोड़ और पानीडोबरी एनीकट-कम-काजवे के लिए 3.41 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन कार्यों से क्रमश: 28.4, 400.2 और 60 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी। चारामा के गोलकुम्हड़ा जलाशय के लिए 4.50 करोड़ रुपये और कांकेर ब्लॉक के मरकाटोला व्यपवर्तन की कन्हारपुरी शाखा नहर की लाइनिंग के लिए 4.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 110 और 300 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
कोंडागांव जिले में फरसगांव ब्लॉक के बड़ेडोंगर जलाशय के लिए 3.35 करोड़ और लंजोड़ा उद्वहन योजना के लिए 3.88 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इनसे 50 और 295 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। माकड़ी ब्लॉक के श्यामपुर व्यपवर्तन के लिए 3.45 करोड़, घोड़ागांव एनीकट की मरम्मत एवं गेट निर्माण के लिए 4.28 करोड़ तथा कोंडागांव ब्लॉक के सोनाबाल जलाशय के लिए 1.95 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से क्रमश: 201, 100 और 55 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।
बस्तर जिले में बस्तर ब्लॉक के मुंजला तालाब के लिए 2.47 करोड़ और बकावंड के ग्राम संतोषा में मारकंडी नदी पर स्टॉपडेम निर्माण के लिए 3.45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 30 और 70 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी। जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर तटरक्षण एवं बाढ़ प्रबंधन के लिए 4.04 करोड़ तथा बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए 4.15 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं चित्रकोट जलप्रपात में कैन्टीलीवर ग्लासडेक ब्रिज निर्माण के लिए 4.90 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लॉक में बारसूर जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 4.99 करोड़, कुम्हाररास जलाशय के लिए 4.98 करोड़ और बालूद एनीकट के लिए 2.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन कार्यों से क्रमश: 217, 320 और 70 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
सुकमा जिले के कोण्टा स्थित बण्डा जलाशय के उन्नयन के लिए 1.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 115 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बेहतर होगी। इसके अलावा बीजापुर जिले में निरीक्षण गृह निर्माण के लिए 1.90 करोड़ तथा नारायणपुर जिले में शासकीय एवं जल संसाधन विभाग के कार्यालय भवनों के जीर्णोद्धार और पाइपलाइन सुधार के लिए 4.07 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इन स्वीकृत कार्यों से प्रदेश के विशेषकर बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में सिंचाई अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ जल संरक्षण, कृषि भूमि की सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।
