रायपुर, 2 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 को प्रभावी और जनभागीदारी वाला अभियान बनाने के लिए राज्य स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय बैठक में पोषण माह के दौरान होने वाली गतिविधियों, विभागों की भूमिका और मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
भारत सरकार के निर्देशानुसार सितंबर माह को प्रदेश में राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ है। अभियान का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं और किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार के साथ स्वस्थ खान-पान और बेहतर पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना है।

बैठक में आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन की उपलब्धता, आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा एवं गर्म पके भोजन की व्यवस्था, सामुदायिक भागीदारी और बच्चों के प्रारंभिक विकास से जुड़े विषयों पर विशेष गतिविधियां संचालित करने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता को भी अभियान की गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि पोषण को केवल एक विभाग तक सीमित रखने के बजाय अलग-अलग विभागों की योजनाओं और गतिविधियों को आपस में जोड़कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए। इसके लिए आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ पंचायतों, स्कूलों और स्थानीय समुदायों को अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
पोषण माह के दौरान समुदाय आधारित गतिविधियों के साथ डिजिटल मॉनिटरिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पोषण ट्रैकर के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़े विभिन्न पोषण संकेतकों की डिजिटल निगरानी की व्यवस्था की गई है, जिससे गतिविधियों और प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सकेगी।

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, नगरीय प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण, स्कूल शिक्षा, जनसंपर्क, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। अनुसूचित जाति विकास, आदिम जाति कल्याण, कौशल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष विभाग के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नामांकित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पोषण माह की गतिविधियों का समयबद्ध संचालन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित हो सके। राज्य स्तर पर हुई इस तैयारी का उद्देश्य पोषण से जुड़े संदेश और गतिविधियों को प्रदेश के हर आंगनवाड़ी केंद्र और समुदाय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
