रायपुर, 2 सितंबर 2026
जशपुर में पहली बार आयोजित ‘चेकमेट एट जशपुर’ अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026 का शानदार समापन हुआ। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के कौस्तुव कुंडू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। छत्तीसगढ़ के यशद बम्बेश्वर दूसरे और महाराष्ट्र के केदार ओंकार तीसरे स्थान पर रहे।
पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में 12 राज्यों के 164 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग आयु वर्ग और श्रेणियों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने रणनीति, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बनाए रखा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक रायमुनी भगत ने विभिन्न आयु वर्ग और श्रेणियों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि के चेक देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन, खेल विभाग और जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
विधायक रायमुनी भगत ने आयोजन की सफलता पर जिला प्रशासन, खेल विभाग और शतरंज संघ को बधाई देते हुए कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं है, बल्कि यह संयम, एकाग्रता, अनुशासन और बुद्धिकौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और समझदारी से निर्णय लेने की सीख शतरंज से मिलती है।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर सिटीजन वर्ग में जवाहरलाल गुप्ता विजेता और सेनगुप्ता दीपांकर उपविजेता रहे। सरगुजा डिवीजन महिला वर्ग में कशिश सिन्हा ने पहला और श्वेता रानी ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि पुरुष वर्ग में रुद्राक्ष सिंह विजेता और यशवंत सिंह उपविजेता रहे।
जशपुर महिला वर्ग में हेमलता प्रजापति ने पहला और प्रेमलता साहू ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। जशपुर पुरुष वर्ग में एलान लकड़ा विजेता और श्याम सिंह उपविजेता रहे। 30 वर्ष से अधिक महिला वर्ग में आरती पावले प्रथम और लक्ष्मी शुक्ला द्वितीय रहीं।

युवा वर्गों में अंडर-15 में ईशान सैनी प्रथम और गर्व केरकेट्टा द्वितीय, अंडर-13 में शिल्प कुमार घोड़ेश्वर प्रथम और विराट यादव द्वितीय, अंडर-11 में वी. विराट अय्यर प्रथम और कुशाग्र दीक्षित द्वितीय तथा अंडर-09 में आद्विक भूषण प्रथम और हृदान मावलंकर द्वितीय रहे।
महिला वर्ग की विभिन्न श्रेणियों में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। एफ-15 वर्ग में प्राची यादव प्रथम और भगत कोमल द्वितीय रहीं, जबकि एक अन्य एफ-15 श्रेणी में अभिश्री वत्स ने पहला स्थान हासिल किया। एफ-13 में नैना भगत, एफ-11 में सावी गौरी और एफ-09 में परीक्षिता दुबे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एफ-11 में अनिका रेड्डी गोलुगुरी और एफ-09 में श्रीनिका रेड्डी गोलुगुरी उपविजेता रहीं।

अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता ने जशपुर में शतरंज को नई पहचान देने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी क्षमता परखने का अवसर दिया। आयोजन से जिले में शतरंज और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास सहित खिलाड़ी, शतरंज प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
