रायपुर, 02 सितम्बर 2026
महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड के ग्राम केन्दुढार निवासी 62 वर्षीय उग्रसेन नंदे पिछले दो वर्षों से वृद्धावस्था पेंशन के लिए ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत के चक्कर लगा रहे थे। लंबे इंतजार के बाद भी पेंशन शुरू नहीं हुई तो उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद हुई कार्रवाई से अब उग्रसेन नंदे को मुख्यमंत्री पेंशन योजना का नियमित लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
उग्रसेन नंदे ने पेंशन के लिए कई बार आवेदन किया था, लेकिन राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत पहुंचने के बाद मामला समाज कल्याण विभाग, महासमुंद के संज्ञान में आया।
समाज कल्याण विभाग की उप संचालक संगीता सिंह के निर्देश पर प्रकरण की जांच और पात्रता का परीक्षण किया गया। जांच में उग्रसेन नंदे मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए पात्र पाए गए। इसके बाद संबंधित समिति की बैठक में उनके पेंशन प्रकरण का अनुमोदन कराया गया और पेंशन राशि उनके बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर करने के लिए आवश्यक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की गई।
अब उग्रसेन नंदे को आगामी समय में मुख्यमंत्री पेंशन योजना का नियमित लाभ मिल सकेगा। लंबे समय से लंबित समस्या के समाधान के बाद उन्होंने राज्य शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया।
