छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि होली खुशियों और जुड़ाव का अवसर है और किसानों की समृद्धि से इस बार पर्व का उत्साह और बढ़ा है।
रायपुर-अमृतेश्वर सिंह राजपूत
धरसींवा में विधायक अनुज शर्मा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों के साथ होली की खुशियाँ साझा कीं। उन्होंने आयोजन के लिए विधायक का आभार जताते हुए सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। यह हमें मनमुटाव भुलाकर सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और हमें जीवन में सकारात्मकता अपनानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा और प्रदेश में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के खातों में राशि अंतरित की गई है, जिससे किसानों में विशेष खुशी है और इस बार होली और अधिक उल्लास के साथ मनाई जाएगी।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी सभी को शुभकामनाएँ दीं। विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
