February 14, 2026

साइप्रस के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

0
साइप्रस के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

नई दिल्ली (PIB):साइप्रस के प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष सुश्री अनिता डेमेट्रियू के नेतृत्व में आए संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने आज (26 नवंबर, 2025) राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

सुश्री डेमेट्रियौ और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और साइप्रस लोकतांत्रिक मूल्यों और मज़बूत संसदीय परंपराओं से जुड़े घनिष्ठ साझेदार देश हैं। उन्होंने कहा कि भारत, साइप्रस के साथ अपनी साझेदारी को काफी महत्व देता है, यह साझा रणनीतिक दृष्टिकोण और आपसी सम्मान पर आधारित है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत और साइप्रस के बीच राजनीतिक संपर्क, आर्थिक सहयोग, रक्षा साझेदारी और सांस्कृतिक संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत-साइप्रस आर्थिक संबंधों में विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ और राष्ट्रमंडल सहित बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग की भी सराहना की।

राष्ट्रपति ने इस बात पर खुशी जताई कि सुश्री अनीता डेमेट्रियू साइप्रस की प्रतिनिधि सभा की पहली महिला और सबसे युवा अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि यह न केवल साइप्रस की महिलाओं के लिए, बल्कि दुनिया भर की महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है। राष्ट्रपति ने उन्हें भारत में महिलाओं की बढ़ती लोकतांत्रिक भागीदारी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पंचायती राज व्यवस्था में, लाखों महिलाएं सक्रिय सार्वजनिक जीवन का हिस्सा बन रही हैं। संसद के निचले सदन और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए एक ऐतिहासिक अधिनियम पारित किया गया है।

राष्ट्रपति ने आशा व्यक्त की कि इस यात्रा के दौरान साइप्रस के संसदीय प्रतिनिधिमंडल को भारत के लोकतंत्र और संसदीय कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह के संसदीय आदान-प्रदान से भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध और मज़बूत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed