महासमुंद, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले महासमुंद में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार सुबह मिनी स्टेडियम से स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया।
इस दौड़ में 900 से अधिक लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों से लेकर युवा, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान, NCC, NSS, स्काउट एंड गाइड, रेडक्रॉस, खेल संघों और सामाजिक संगठनों के सदस्य भी दौड़ में शामिल हुए।
तिरंगे के साथ गूंजे देशभक्ति के नारे
तिरंगा दौड़ मिनी स्टेडियम से शुरू होकर बरोंडा चौक, शास्त्री चौक, सतबहनिया चौक, गांधी चौक और नेहरू चौक से होते हुए वापस मिनी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।
पूरे मार्ग में प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों के साथ दौड़ते नजर आए।
नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी और कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने तिरंगा लहराकर की।
श्री चंद्राकर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। ऐसी गतिविधियां युवाओं में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करती हैं।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कहा कि तिरंगा दौड़ के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश नागरिकों तक पहुंचा है। उन्होंने आयोजन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों और सहयोगी विभागों का आभार जताया।
विभिन्न वर्गों की रही भागीदारी
आयोजन में वन, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं का सहयोग रहा। बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस से पहले महासमुंद को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
