रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को पास कराने के नाम पर आने वाले फर्जी फोन कॉल को लेकर विद्यार्थियों और पालकों को सतर्क किया है।
द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा समाप्त होने के बाद वर्तमान में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य चल रहा है। इसी दौरान माशिमं ने पुराने मामलों का हवाला देते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
अंक बढ़ाने और पास कराने के नाम पर मांगे जाते हैं पैसे
माशिमं के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 में भी बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले और बाद में कुछ विद्यार्थियों एवं पालकों को फर्जी फोन कॉल प्राप्त हुए थे। कॉल करने वालों ने परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या फेल विद्यार्थियों को पास कराने के नाम पर पैसे की मांग की थी।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी कॉल या धनराशि की मांग का माशिमं से कोई संबंध नहीं है।
पैसे का लेन-देन न करें, पुलिस में शिकायत करें
माशिमं ने विद्यार्थियों और पालकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या पास कराने के नाम पर फोन या किसी अन्य माध्यम से संपर्क करता है, तो उसकी बातों पर विश्वास न करें।
ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन नहीं किया जाए। यदि इस तरह का फर्जी कॉल प्राप्त होता है तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जाए।
माशिमं ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के प्रलोभन या दबाव में न आएं और परीक्षा परिणाम से संबंधित फर्जी दावों से पूरी तरह सावधान रहें।
