कांकेर। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मेलाभाठा के पास नवनिर्मित बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने फुटबॉल को किक कर खेल मैदान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता और महान क्रांतिकारियों के अमर बलिदानों की याद दिलाती है। वीर शहीदों ने जिन सपनों के लिए अपना जीवन बलिदान किया, उन्हें संजोकर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि नए मिनी स्टेडियम से कांकेर की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। युवक-युवतियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
उन्होंने राजनांदगांव की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में उनके वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने से पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांकेर का यह स्टेडियम भी जिले की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
₹7 करोड़ से मिनी स्टेडियम, ₹2.40 करोड़ से इनडोर हॉल
बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम का निर्माण करीब ₹7 करोड़ की लागत से किया गया है। इसमें फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक और विभिन्न खेलों के लिए नेट प्रैक्टिस की सुविधा उपलब्ध है।
वहीं, करीब ₹2.40 करोड़ की लागत से बने बहुउद्देशीय इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित विभिन्न खेलों के अभ्यास की सुविधा है। परिसर में आउटडोर जिम भी बनाया गया है।
इन सुविधाओं से नगरवासियों और खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध होगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक आशाराम नेताम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मिनी स्टेडियम परिसर में नारियल के पौधे लगाए। अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
