रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मिनीमाता जी ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाई और बाल विवाह एवं दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं के विरोध में समाज से लेकर संसद तक संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और समाज के उत्थान के क्षेत्र में मिनीमाता जी के योगदान को सदैव याद किया जाएगा। उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के सम्मान में राज्य सरकार द्वारा उनके नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी का सेवाभावी व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनका समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके विचार और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक न्याय और मानव कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती रहेगी।
