जलाशय में 89.55% जलभराव, हसदेव नदी किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने की अपील………
रायपुर, 08 अगस्त 2026। कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो जलाशय में लगातार बारिश के चलते जलभराव बढ़ता जा रहा है। जलाशय में वर्तमान में 89.55 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है। पानी की आवक बढ़ने की स्थिति में जलाशय का गेट कभी भी खोला जा सकता है, जिसके मद्देनजर संबंधित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है।
जल संसाधन विभाग के मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-03, माचाडोली के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. भारती ने बताया कि वर्षाकाल 2026 के दौरान आवश्यकता पड़ने पर मिनीमाता बांगो बांध से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जाएगा।
बाढ़ क्षेत्र से संपत्तियां हटाने के निर्देश
जलाशय में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए हसदेव नदी के किनारे और संभावित बाढ़ क्षेत्र में मौजूद चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की सूचना जारी की गई है।
बाढ़ क्षेत्र में मौजूद खनिज खदानों के ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न संस्थानों को भी अपनी परिसंपत्तियां बाढ़ क्षेत्र से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर उससे होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।
इन गांवों में विशेष सतर्कता
कार्यपालन अभियंता ने बाढ़ क्षेत्र में आने वाले संभावित गांवों में बाढ़ चेतावनी की मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं। संभावित प्रभावित क्षेत्रों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित अन्य गांव शामिल हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने हसदेव नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जलाशय से पानी छोड़े जाने की स्थिति में नदी एवं निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। लोगों को प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने और अपनी आवश्यक परिसंपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
