रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों का खंडन किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के नाम वही प्रदर्शित किए गए हैं, जो उन्होंने स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किए थे।
सोशल मीडिया पर नामों को लेकर फैलाई जा रही हैं भ्रामक जानकारियां
सीजीपीएससी ने बताया कि 4 अगस्त 2026 को प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर रील्स और शॉर्ट वीडियो बनाए जा रहे हैं। इन वीडियो में अभ्यर्थियों के नामों का उपहास उड़ाते हुए परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
आयोग ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन और असत्य बताया है।
ऑनलाइन आवेदन में दर्ज नाम ही परिणाम में किए गए प्रदर्शित
आयोग ने स्पष्ट किया कि परीक्षा परिणाम में उन्हीं नामों को प्रकाशित किया गया है, जिन्हें अभ्यर्थियों ने स्वयं अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज किया था।
इन्हीं नामों के आधार पर अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षण (PST) तथा प्रारंभिक लिखित परीक्षा की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई है।
प्रवेश पत्र में भी दर्ज थे यही नाम
सीजीपीएससी ने बताया कि अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Card) में भी यही नाम अंकित थे और इन्हीं के आधार पर दस्तावेजों का सत्यापन किया गया था। इसलिए परीक्षा परिणाम में प्रकाशित नामों को लेकर भ्रम फैलाने का कोई आधार नहीं है।
केवल आधिकारिक वेबसाइट की जानकारी पर करें भरोसा
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अवर सचिव ने सभी अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी अफवाह, भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी पर विश्वास न करें।
उन्होंने कहा कि सीजीपीएससी भर्ती परीक्षा से संबंधित किसी भी अधिकृत सूचना के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें।
