रायपुर | 3 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले स्थित श्री सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक एवं वैश्विक मानवतावादी सद्गुरु श्री मधुसूदन साई से मुलाकात कर बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
बैठक में छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों में संचालित मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम को और अधिक प्रभावी बनाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने इस बात पर जोर दिया कि कोई भी बच्चा खाली पेट स्कूल न जाए और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम किया जाए।
दौरे के दौरान मंत्री ने साईश्योर एलएलपी न्यूट्रास्यूटिकल संयंत्र का भी निरीक्षण किया, जहां वैज्ञानिक तरीके से विकसित साईश्योर पोषण अनुपूरक तैयार किया जाता है। यह पोषण अनुपूरक श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट के मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम के तहत देशभर के 1 करोड़ से अधिक सरकारी स्कूलों के बच्चों तक पहुंचाया जा रहा है।
मंत्री श्री नेताम ने श्री सत्य साई ग्राम के समेकित शिक्षा एवं स्वास्थ्य परिसरों, मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का भी भ्रमण किया। उन्होंने पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं पर आधारित इस सेवा मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा छत्तीसगढ़ सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के बीच बच्चों के पोषण और समग्र विकास से जुड़ी पहलों में सहयोग को और मजबूत करेगा।
