February 24, 2026

जन-जन का बजट, विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प” – भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

0
WhatsApp Image 2026-02-24 at 5.40.45 PM
रायपुर-प्रकाश कुमार सिंह

जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि जशपुर जिले के कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की घोषणा से क्षेत्र के युवाओं का सपना साकार होगा और पूरे सरगुजा संभाग को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के लिए 1500 करोड़ का प्रावधान गरीब परिवारों के लिए जीवन रक्षक साबित होगा। साथ ही 3500 करोड़ जल संसाधन विभाग को देकर किसानों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने का संकल्प दिखाया गया है। यह बजट गांव, गरीब और किसान को समर्पित है।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि 75 करोड़ की लागत से 250 महतारी सदनों का निर्माण महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। 5000 करोड़ की मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना से गरीब परिवारों को मुफ्त चावल और राशन की निरंतर सुरक्षा मिलेगी, वहीं 1422 करोड़ की सामाजिक सुरक्षा पेंशन से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवाओं को सम्मानजनक जीवन का सहारा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीएम आवास के लिए अतिरिक्त 800 करोड़ से हजारों गरीबों का पक्का घर का सपना पूरा होगा।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि 9450 करोड़ रुपये पीडब्ल्यूडी कार्यों के लिए देकर सड़कों और अधोसंरचना को नई मजबूती दी गई है। 1750 करोड़ उद्योग और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए आवंटित कर युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को निवेश और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।

पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि अबूझमाड़ और जगरगुंडा में 100 करोड़ की लागत से एजुकेशन सिटी का प्रावधान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा की क्रांति लाएगा। दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में CGIT की स्थापना तथा 35 करोड़ से AI सेंटर की शुरुआत युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाएगी। यह बजट भविष्य की पीढ़ी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

प्रदेश भाजपा मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि सूर्य घर योजना के लिए 400 करोड़ का प्रावधान प्रदेश को सौर ऊर्जा की दिशा में आत्मनिर्भर बनाएगा और आम जनता के बिजली खर्च को कम करेगा। रायपुर मेट्रो रेल परियोजना के लिए सर्वे प्रक्रिया आगे बढ़ाना शहरी परिवहन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास की गति को कई गुना बढ़ाने वाला है।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि यह बजट ग्रामीण विकास की नई आधारशिला है। जल संसाधन, सड़क, आवास और खाद्यान्न जैसी योजनाओं में बड़े प्रावधान से गांवों में मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। महतारी सदनों के निर्माण से ग्रामीण महिलाओं को सशक्त मंच मिलेगा और सामाजिक समरसता को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट वास्तव में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प है।

भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग—महिला, किसान, युवा, मजदूर और गरीब—को साथ लेकर चलने वाला है। खाद्यान्न योजना से लेकर महतारी सदन, मेडिकल कॉलेज से लेकर उद्योग और सड़क विकास तक हर क्षेत्र में मजबूत प्रावधान यह साबित करते हैं कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि ठोस क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बजट विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण की ठोस आधारशिला है। जनकल्याण, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी प्रगति के संतुलित समावेश के साथ यह बजट प्रदेश में सकारात्मक माहौल और विश्वास का वातावरण मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *