रायपुर, 3 अगस्त 2026। राष्ट्रमंडल खेल 2026 (ग्लासगो) में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी (DSP) पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।
199 किलोग्राम वजन उठाकर रचा इतिहास
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की उपलब्धि है और प्रदेश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
बेटियों और युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने सपनों को साकार किया। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा हरसंभव सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार करना है।
पहले भी दी थी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी यादव से मुलाकात कर उनके बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी थी। अब मुख्यमंत्री निवास में उनका सम्मान कर राज्य सरकार ने उनकी उपलब्धि को विशेष सम्मान दिया।
