रायपुर। प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य तथा आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने खैरागढ़ में राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (NSPC) के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर प्रतियोगिता में अधिक से अधिक भाग लेने का आह्वान किया।
भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
पांच श्रेणियों में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 का आयोजन पांच श्रेणियों में किया जा रहा है। इसमें कक्षा पहली से पांचवीं, कक्षा छठी से आठवीं, कक्षा नौवीं से बारहवीं, महाविद्यालय स्तर और ओपन श्रेणी शामिल हैं।
यह प्रतियोगिता पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क होगी। प्रतिभागी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से इसमें भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को तत्काल ई-प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
15 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन भागीदारी
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता 15 जुलाई 2026 से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से इस प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला अध्यक्ष डॉ. विशेषर साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
