रायपुर, 22 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेगी। इसके लिए यूनिसेफ का तकनीकी सहयोग भी लिया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने यह बातें आज मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे से शिष्टाचार भेंट के दौरान कहीं। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन तथा बच्चों के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
सभी विभाग मिलकर तैयार करेंगे समन्वित कार्ययोजना
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आदिम जाति विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभाग यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से एक परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार करें। इस रणनीति का उद्देश्य शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और कुपोषण में कमी लाना तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभाग साझा लक्ष्य और समन्वित कार्यप्रणाली के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का अधिकतम लाभ जरूरतमंद परिवारों तक समयबद्ध तरीके से पहुंच सके।
मल्टी-सेक्टोरल रणनीति से मिलेगा बेहतर परिणाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और पोषण जैसे विषय केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं हैं। जब सभी विभाग मिलकर साझा रणनीति के साथ कार्य करेंगे, तभी स्थायी और प्रभावी परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने ऐसी मल्टी-सेक्टोरल रणनीति तैयार करने पर जोर दिया, जिससे माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का प्रभाव बढ़े और कुपोषण उन्मूलन के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सके।
यूनिसेफ ने जताया सहयोग का भरोसा
भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे ने मुख्यमंत्री का ‘जय जोहार’ कहकर अभिवादन किया और कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और सरल-सहज लोगों का प्रदेश है। उन्होंने बताया कि यूनिसेफ लंबे समय से राज्य सरकार के साथ मिलकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश के बच्चों का भविष्य अधिक सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध बनेगा।
सांस्कृतिक सम्मान का हुआ आदान-प्रदान
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुश्री सिंथिया मैककैफ्रे का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया तथा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक ‘नंदी’ की भेंट दी। वहीं यूनिसेफ की ओर से भारत में संगठन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे उपस्थित
बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव श्री विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ में यूनिसेफ की प्रमुख सुश्री सीमा कुमार, श्री अनिल गुलाटी तथा डॉ. बाल पारितोष दास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
