निरंजनी पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी से मिले सांसद बृजमोहन अग्रवाल,ससम्मान स्वागत कर व्यक्त की कृतज्ञता…..
रायपुर-
निरंजनी पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि अपने रायपुर प्रवास के दौरान सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल के निवास पर पहुंचे। इस अवसर पर आध्यात्मिक गरिमा और आत्मीयता का वातावरण रहा। महाराज श्री ने सांसद श्री अग्रवाल एवं उनके परिवारजनों से स्नेहपूर्ण भेंट कर उन्हें पावन आशीर्वाद प्रदान किया तथा समाजहित एवं राष्ट्र कल्याण के लिए सतत कार्य करते रहने का संदेश दिया।

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने महाराज श्री का पारंपरिक रूप से ससम्मान स्वागत करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संतों का सान्निध्य, मार्गदर्शन और आशीर्वाद समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा प्रदान करता है। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने भी आध्यात्मिक चर्चा का लाभ प्राप्त किया।

