रायपुर | 28 जून 2026
छत्तीसगढ़ शासन ने तकनीकी शिक्षा और सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब एम.टेक. (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई निर्धारित की गई थी।
IIIT-नवा रायपुर में मिलेगा अध्ययन का अवसर
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप के तहत चयनित अभ्यर्थियों को IIIT-नया रायपुर (IIIT-NR) में एम.टेक. (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पाठ्यक्रम में अध्ययन का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम आधुनिक तकनीकों के साथ विद्यार्थियों को उद्योग और शासन की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर केंद्रित है।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 0 से 5 वर्ष के बच्चों को ……….. आगे पढ़ें
प्रतिमाह ₹50 हजार की फेलोशिप, ट्यूशन फीस भी सरकार देगी
इस फेलोशिप कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह ₹50,000 की फेलोशिप प्रदान की जाएगी। इसके अलावा पूरी ट्यूशन फीस का खर्च छत्तीसगढ़ शासन वहन करेगा, जिससे आर्थिक रूप से भी विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
वास्तविक सरकारी परियोजनाओं पर काम करने का मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप केवल उच्च शिक्षा तक सीमित नहीं है। इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को राज्य शासन के विभिन्न विभागों में चल रही वास्तविक परियोजनाओं (Real Projects) पर कार्य करने का अवसर भी मिलेगा। इससे उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डाटा साइंस के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, साथ ही शासन की डिजिटल सेवाओं और नवाचार आधारित पहलों में योगदान देने का अवसर मिलेगा।
तकनीकी शिक्षा और सुशासन को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाना और उन्हें डिजिटल गवर्नेंस, डेटा एनालिटिक्स तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित समाधानों के विकास से जोड़ना है। इससे शासन की सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने में भी मदद मिलेगी।
7 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया IIIT-नया रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में 0771-2474048 और 0771-2474182 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
