रायपुर | 27 जून 2026
रायपुर की प्रतिभाशाली छात्रा महिमा राजपूत का अंतरराष्ट्रीय ShakthiSAT Mission के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिमा की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
108 देशों के विद्यार्थियों के साथ करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महज 14 वर्ष की आयु में 108 देशों के विद्यार्थियों के साथ इस प्रतिष्ठित अंतरिक्ष मिशन के लिए भारत का प्रतिनिधित्व करने हेतु चयनित होना महिमा की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं की क्षमता को वैश्विक स्तर पर स्थापित करती है।
यह भी पढ़ें: लक्ष्मी राजवाड़े ने बस्तर संभाग के सुकमा जिले के छिंदगढ़ स्थित सक्षम ……….. आगे पढ़ें
‘महिमा ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव’
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिमा राजपूत ने अपनी लगन और मेहनत से न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे प्रदेश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता साबित करती है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां अवसर मिलने पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।
युवाओं और बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महिमा की यह उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवाओं, विशेषकर बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास देगी। उन्होंने कहा कि ऐसी सफलताएं आने वाली पीढ़ी को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने तथा विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महिमा राजपूत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करती रहेंगी।
