रायपुर | 27 जून 2026
अंबिकापुर स्थित शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित संभाग स्तरीय रोजगार मेले में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने रोजगार के लिए पहुंचे युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं को उनकी प्रतिभा, योग्यता और कौशल के अनुरूप बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
युवाओं को मेहनत और कौशल विकास का दिया संदेश
मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं से निरंतर परिश्रम, कौशल विकास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में कौशल और दक्षता ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। इसलिए युवाओं को अपनी क्षमताओं का लगातार विकास करते हुए नए अवसरों के लिए स्वयं को तैयार रखना चाहिए।
‘रोजगार मेले केवल नियुक्ति नहीं, सपनों को दिशा देने का मंच’
मंत्री ने कहा कि रोजगार मेले केवल नौकरी दिलाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का सशक्त मंच भी हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों और उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे उनके बेहतर भविष्य की संभावनाएं मजबूत होती हैं।
रोजगार और स्वरोजगार पर सरकार का फोकस
राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विभिन्न विभागों के माध्यम से कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि प्रदेश का प्रत्येक युवा आत्मनिर्भर बन सके और राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सके।
यह भी पढ़ें: लक्ष्मी राजवाड़े ने बस्तर संभाग के सुकमा जिले के छिंदगढ़ स्थित सक्षम ……….. आगे पढ़ें
चयनित अभ्यर्थियों को दी बधाई
रोजगार मेले के दौरान चयनित युवाओं को बधाई देते हुए मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित युवा अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
बड़ी संख्या में युवाओं ने लिया हिस्सा
संभाग स्तरीय रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
