सुकमा | 27 जून 2026
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सुकमा जिले के जगरगुंडा में शहीद एएसआई रामू राम नाग के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र सेवा और जन सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
मंत्री राजवाड़े ने शहीद की माताजी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान देश और प्रदेश की अमूल्य धरोहर है तथा उनके परिवारों का सम्मान और संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें: लक्ष्मी राजवाड़े ने बस्तर संभाग के सुकमा जिले के छिंदगढ़ स्थित सक्षम ……….. आगे पढ़ें

अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने के निर्देश
दौरे के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शहीद की माताजी के लिए अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे परिवार को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
‘शहीद परिवारों के सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध’
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकास, विश्वास और शांति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
