बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में कृषि विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से यूरिया खाद के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 बोरी नीम कोटेड यूरिया खाद जब्त की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद क्षेत्र में खाद के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
गुप्त सूचना पर लहसुनपाठ में दी गई दबिश
जानकारी के अनुसार शंकरगढ़ तहसील के ग्राम लहसुनपाठ में यूरिया खाद के अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर तहसील स्तरीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान महेश राम नगेसिया के मकान में चंबल फर्टिलाइजर्स कंपनी का नीम कोटेड यूरिया खाद अवैध रूप से भंडारित पाया गया।

टीम ने मौके से कुल 35 बोरी यूरिया खाद बरामद कर जब्त कर लिया और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
दूसरे संदिग्ध के घर पहुंची टीम
जांच के दौरान अधिकारियों को जानकारी मिली कि गांव के ही एक अन्य व्यक्ति मनोहर यादव के यहां भी यूरिया खाद का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर जब टीम उनके घर पहुंची तो मनोहर यादव और उनकी पत्नी घर पर नहीं मिले।
अधिकारियों के अनुसार दोनों घर छोड़कर चले गए थे। इसके बाद टीम ने नियमानुसार नोटिस चस्पा कर उन्हें कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच जारी है।
किसानों के लिए निर्धारित खाद की कालाबाजारी रोकने पर जोर
कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसानों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली खाद का अवैध भंडारण और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खरीफ सीजन के दौरान खाद की मांग बढ़ने के कारण प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है ताकि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सके।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार गजराज सिंह, कृषि अधिकारी उमाकांत सिंह, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी राहुल सिंह, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीवान रामदेव तथा पुलिस बल के जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिले में खाद, बीज और कृषि आदानों के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
