सारंगढ़-बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के अवैध खनन के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन और छह हाईवा वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में बीते दो दिनों तक चले विशेष अभियान में अवैध उत्खनन और परिवहन के कई मामलों का खुलासा हुआ।
अवैध रेत परिवहन करते पकड़े गए दो हाईवा
खनिज विभाग की टीम ने सोमवार को सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान गौण खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो हाईवा वाहनों को पकड़ा। जब्त किए गए वाहनों में CG-07-CR-7715 और CG-13-AQ-0321 शामिल हैं। दोनों वाहनों को जब्त कर सारंगढ़ थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
मंगलवार को खनिज अमले ने पुनः निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो अन्य हाईवा CG-13-BB-2721 और CG-13-BB-2321 को जब्त किया गया। इन वाहनों को भी सारंगढ़ थाने की सुपुर्दगी में रखा गया है।
कोसीर क्षेत्र में सरप्राइज रेड, पोकलेन मशीन जब्त
उप तहसील कोसीर के ग्राम पंचायत पासीद में खनिज विभाग की टीम ने औचक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान रेत के अवैध उत्खनन में लगी एक पोकलेन मशीन मौके से जब्त की गई। विभाग ने मशीन को ग्राम सरपंच की सुपुर्दगी में सौंप दिया है।
कार्रवाई के दौरान रेत के अवैध परिवहन में शामिल दो हाईवा CG-06-HD-6457 और CG-11-BK-6697 को भी जब्त कर कोसीर थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
लगातार दो दिनों तक चली कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों के बाद विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
कड़े कानूनों के तहत दर्ज हुआ मामला
खनिज विभाग ने बताया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार राज्य की खनिज संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
