जशपुर। जशपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की खोज और वापसी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस सौंपे। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
इस अभियान में साइबर सेल जशपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसने तकनीकी निगरानी और ट्रैकिंग के माध्यम से विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए।
साइबर सेल की मदद से मिले गुम मोबाइल
जशपुर पुलिस द्वारा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल में प्राप्त आवेदनों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के जरिए गुम मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें बरामद किया गया।

साइबर सेल की टीम ने विभिन्न जिलों और स्थानों से मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
मोबाइल में सुरक्षित डेटा की सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी का महत्वपूर्ण स्रोत बन चुका है।
यह भी पढ़ें: “छत्तीसगढ़ को किसी भी कीमत पर बिहार नहीं बनने देंगे।” मंत्री गजेंद्र यादव ……….. आगे पढ़ें
उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन गुम होने या गलत हाथों में पड़ने पर बैंकिंग डिटेल्स, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य निजी जानकारी के दुरुपयोग का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए नागरिकों को अपने मोबाइल की सुरक्षा के प्रति हमेशा सतर्क रहना चाहिए।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें शिकायत
डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि समय पर शिकायत मिलने से मोबाइल को ब्लॉक कर उसकी ट्रैकिंग और बरामदगी की प्रक्रिया तेजी से शुरू की जा सकती है, जिससे डेटा सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
यातायात नियमों के पालन का भी दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील करते हुए कहा कि दुर्घटनाएं कभी पूर्व सूचना देकर नहीं आतीं। सतर्कता और सुरक्षा उपाय अपनाकर जीवन की रक्षा की जा सकती है।
उन्होंने लोगों से जशपुर पुलिस के यातायात जागरूकता अभियान से जुड़ने और अपने परिवार एवं मित्रों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी भावेश कुमार समरथ, डीएसपी कुंजराम चौहान, निरीक्षक संत लाल आयाम, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनिल सिंह और आरक्षक सोन साय भगत सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जशपुर पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
