प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के किसानों को भेजी 18,880 करोड़ रुपये की सहायता राशि
कुनकुरी/रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सलियाटोली में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए और किसानों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
छत्तीसगढ़ के किसानों के खातों में पहुंचे 490 करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में 490 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। खरीफ सीजन की शुरुआत में मिली यह सहायता किसानों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।

किसानों को इस राशि से खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री खरीदने में मदद मिलेगी, जिससे खेती की तैयारियां समय पर पूरी हो सकेंगी।
किसानों की समृद्धि से बनेगा विकसित भारत
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की समृद्धि का आधार किसान हैं और किसानों की उन्नति के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को भी सशक्त बना रही है।

प्रधानमंत्री ने ‘खेत बचाओ अभियान’ का उल्लेख करते हुए किसानों से कृषि भूमि और धरती माता के संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए खेती योग्य भूमि को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री साय बोले— किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अन्नदाता की समृद्धि ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को आर्थिक सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण और कृषक उन्नति योजना जैसी सुविधाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।

किसानों ने जताया आभार
कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने कहा कि खरीफ सीजन से पहले खाते में आई राशि खेती-किसानी की तैयारियों में काफी मददगार साबित होगी। किसानों ने बताया कि इससे खाद, बीज और अन्य आवश्यक कृषि सामग्री खरीदना आसान होगा।
किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिल रही है और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
आधुनिक कृषि और बेहतर बाजार व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों, सिंचाई सुविधाओं, मूल्य संवर्धन और बेहतर बाजार व्यवस्था पर लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर उन्हें कृषि उद्यमिता से जोड़ना है, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि हो सके।
उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती दे रही हैं।
