दंतेवाड़ा। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में जहां देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है, वहीं छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर उभरकर सामने आई है।
भाजपा कार्यालय दंतेवाड़ा में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मंत्री कश्यप ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प का प्रभाव आज देशभर में दिखाई दे रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान, निःशुल्क राशन, शुद्ध पेयजल, गैस कनेक्शन, स्वास्थ्य सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिला है।
यह भी पढ़ें: CG Sports News : अंडर-18 एशिया कप विजेता अवि मानिकपुरी …….आगे पढ़ें
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, आधुनिक सड़क और रेल नेटवर्क, वंदे भारत ट्रेनें, नए एयरपोर्ट और एक्सप्रेस-वे जैसे बड़े प्रोजेक्ट देश को नई दिशा दे रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी भारत ने प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया और करोड़ों लोगों को राहत पहुंचाई।

मंत्री कश्यप ने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ छत्तीसगढ़ के किसानों, महिलाओं, गरीबों और जनजातीय परिवारों को मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और वनधन विकास केंद्र जैसी योजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी विकास से पिछड़ा माना जाता था, आज वहीं सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास की नई पहचान बना रहा है। दूरस्थ इलाकों तक मोबाइल नेटवर्क की पहुंच, वनोपजों को बेहतर मूल्य, जनजातीय युवाओं के लिए नए अवसर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले प्रयासों से क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
उन्होंने बताया कि बस्तर में 500 से अधिक मोबाइल टावरों की स्वीकृति, हजारों परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था और वनोपज आधारित रोजगार के अवसर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचना भी इसी सोच का परिणाम है।
केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक और जनजातीय खेलों जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहे हैं। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों से लोगों में विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष केवल सरकारी उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि करोड़ों गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी हैं। विकसित भारत के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में छत्तीसगढ़ तथा बस्तर की भूमिका लगातार मजबूत होती जा रही है।
कार्यक्रम में चैतराम अटामी, संतोष गुप्ता, नंदलाल मुड़ामी, ओजस्वी मंडावी, रामू नेताम सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
