रायपुर।
छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद् द्वारा राज्य के चार प्रमुख शहरों में 240 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के निर्णय का परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। कैबिनेट का यह फैसला शहरी परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही यह पहल प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक, भरोसेमंद और पर्यावरण अनुकूल बनाना है।
यह भी पढ़ें: सड़क हादसों पर लगाम लगाने तकनीक और सख्त निगरानी पर सरकार का फोकस…….. आगे पढ़ें

उन्होंने कहा कि ई-बसों के संचालन से शहरों में आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा आम नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा। यह पहल हरित परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे शहरी बुनियादी ढांचे का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
यह भी पढ़ें: मोदी सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष बेमिसाल : किरण देव…….. आगे पढ़ें
केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में परिवहन क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार किए जा रहे हैं। 240 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से न केवल शहरी परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
