रायपुर, 16 नवंबर 2026/
छठ महापर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचकर उगते सूर्यदेव को उषा अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-शांति बने रहने की प्रार्थना भी की। इस अवसर पर उन्होंने छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और प्रदेश के सभी नागरिकों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

छठ घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में लोगों के बीच छठ महापर्व मनाने और भगवान सूर्यदेव की आराधना में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए खुशी और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था, सनातन संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा प्रतीक है। यह पर्व सूर्य, जल और प्रकृति जैसे जीवन के आधारों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का संदेश देता है। पूजा के दौरान दिखाई देने वाला अनुशासन, संयम, पवित्रता, तपस्या और समर्पण भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुनकुरी सहित पूरे जशपुर अंचल में छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह और गहरी श्रद्धा देखने को मिलती है। यहां लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूरे भक्तिभाव से इस पर्व को मनाते हैं। छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सद्भाव, पारिवारिक एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर भी है। ऐसी परंपराएं समाज में आपसी जुड़ाव बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराती हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार पर उनका आशीर्वाद बना रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि आए। उन्होंने प्रदेश के निरंतर विकास और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे तथा नागरिकों के जीवन में नई आशा, ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हो।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
