रायपुर। देश की सेवा का जज्बा रखने वाले अग्निवीरों के लिए एक और अवसर का रास्ता खुलने जा रहा है। अब अग्निवीर अपनी चार साल की प्रारंभिक सेवा पूरी करने के बाद दो साल तक और राष्ट्रसेवा कर सकेंगे। केंद्र सरकार के इस फैसले का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत करते हुए इसे युवाओं के हित में महत्वपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निवीरों के लिए दो वर्ष के अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी दी है। इस निर्णय के तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार दो साल तक अतिरिक्त सैन्य सेवा का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस फैसले से अग्निवीरों के अनुभव, प्रशिक्षण और सैन्य कौशल का देशहित में बेहतर उपयोग हो सकेगा। साथ ही, निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने वाले इच्छुक अग्निवीरों के लिए नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने का अवसर भी उपलब्ध रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं का मनोबल बढ़ाने वाला है। इससे युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे और देश की रक्षा व्यवस्था को अनुभवी एवं प्रशिक्षित जवानों की सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल देश की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
चार साल की सेवा के बाद दो साल का अतिरिक्त अवसर… अग्निवीरों के अनुभव और कौशल को राष्ट्रहित में इस्तेमाल करने की इस पहल से सैन्य सेवा के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
