रायपुर, 22 अक्टूबर 2026।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और स्वच्छता को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार करना तथा लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले के ग्राम लालसायकापा निवासी श्री ओमप्रकाश बंजारा के जीवन में शौचालय निर्माण से बड़ा बदलाव आया है। शासन से शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की सहायता राशि मिलने पर उन्होंने अपने घर में शौचालय का निर्माण कराया, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा और राहत मिली है।
श्री ओमप्रकाश बंजारा ने बताया कि पहले घर में शौचालय नहीं होने के कारण उन्हें शौच के लिए घर से दूर जाना पड़ता था। विशेषकर बरसात के दिनों में यह परेशानी और बढ़ जाती थी। खराब मौसम के दौरान उन्हें कई तरह की असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। घर में शौचालय बन जाने से अब उन्हें इन परेशानियों से मुक्ति मिल गई है और उनका दैनिक जीवन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो गया है।
श्री बंजारा ने कहा कि शासन की योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई है। घर में शौचालय की सुविधा उपलब्ध होने से न केवल उनकी परेशानी दूर हुई है, बल्कि स्वच्छता और सुविधा के लिहाज से भी उनके परिवार को लाभ मिला है। उन्होंने इस सहायता के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
